मुरादाबाद। राजस्थान के विभिन्न जनपदों व मेहंदीपुर बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। कोरोना काल में बंद की गई बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को रेलवे ने करीब छह साल बाद फिर से चलाने का फैसला लिया है। इस बार ट्रेन पुराने नंबर के बजाय नए नंबर (54356/55) के साथ चलेगी। नए टाइमटेबल के साथ पटरी पर उतरेगी।
रेलवे ने पुरानी पैसेंजर ट्रेन (54462/61) के नंबर को दिया है। बरेली से बांदीकुई के लिए ट्रेन का नंबर (54356) और बांदीकुई से बरेली के लिए (54355) जारी किया गया है। यह ट्रेन रोजाना चलाई जाएगी। रेलवे के मुताबिक इस पैसेंजर का संचालन 30 जनवरी 2026 से शुरू होगा। यह पैसेंजर ट्रेन बरेली, रामगंगा ब्रिज, आंवला, चंदौसी, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा फोर्ट, अछनेरा, भरतपुर सहित कई छोटे-बड़े स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और कामकाजी लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
बरेली से रात नौ बजे चलकर चंदौसी स्टेशन पर रात 11:30 बजे पहुंचेगी। सुबह 9:50 बजे बांदीकुई पहुंचा देगी। वापसी में बांदीकुई से दोपहर 2:45 चलेगी। देर रात 2:25 बजे चंदौसी पहुंच जाएगी। कोरोना महामारी के दौरान यह ट्रेन बंद कर दी गई थी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब लंबे इंतजार के बाद ट्रेन की वापसी से रेल यात्रियों में खुशी की लहर है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि नया टाइमटेबल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि छोटे स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।