ठाकुरद्वारा। सोशल मीडिया पर दूसरे संप्रदाय के देवी-देवताओं के प्रति गलत टिप्पणी कर धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोपी का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया है। इससे शिकायत करने वाले ग्रामीणों में पुलिस की इस कार्रवाई के प्रति रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले का शांतिभंग में चालान कर पुलिस ने कार्रवाई को हल्का किया है।
थाना डिलारी क्षेत्र के गांव बहादरगंज में कुछ ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत की थी कि गांव का नावेद उनके संप्रदाय के देवी-देवताओं के प्रति गलत टिप्पणी कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। इस पर डिलारी पुलिस ने बुधवार को गांव के चाैराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका शांतिभंग के आरोप में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
उधर, ग्रामीणों का कहना है कि युवक धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों को भड़का रहा था। फिर भी पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद बजाए सिर्फ शांतिभंग में कार्रवाई कर इतिश्री हासिल कर ली। इस बारे में डिलारी थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि अभी आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है। ग्रामीणों की शिकायत की गहनता से जांच की जा रही है। अगर युवक पर धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप सही पाया गया तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।