मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अवंतिका कालोनी में मेडिकल स्टोर संचालिका के घर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने चांदी के जेवर भी बरामद कर किए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार यादव ने बताया कि आठ जून को अवंतिका कालोनी निवासी किरण लता के घर से चोर करीब दो लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि किरण लता के मकान के बराबर में एक मकान का निर्माण चल रहा है। यहां मजदूर काम करने आए थे। पुलिस ने इस मामले में हरथला आंबेडकर कालोनी निवासी रोहित और आजम अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तब दोनों ने कबूला है कि वह पड़ोस के मकान में मजदूरी करने आए थे। उसी दौरान मौका देखकर छत से किरण लता के मकान की ऊपरी मंजिल पर चढ़ गए और अलमारी का लॉक तोड़कर जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक चेन, एक जोड़ी झुमकी, एक कंठी बरामद की है। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।