कांठ। नगर में श्री रामलीला मंचन अस्थायी समिति की देखरेख में मुकुट पूजन के साथ श्री रामलीला मंचन के 117वें वार्षिकोत्सव शुरुआत विधि-विधान से की गई। इस दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से रामलीला मैदान गूंज उठा।
रविवार की रात कांठ स्थित रामलीला रंगमंच पर वैश्य विश्नोई शिव मंदिर के पुजारी पंडित सुरेंद्र शर्मा ने विधि-विधान से मंत्रोच्चारण करते हुए मुकुटों, रामायण जी का पूजन और राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न व वीर हनुमान का किरदार निभाने वाले कलाकारों का माल्यार्पण व तिलक किया। पूजन में मुख्य यजमान वरिष्ठ भाजपा नेता सह महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज के प्रबंधक मुकेश माहेश्वरी रहे। आयोजक समिति के अनुसार सोमवार से श्री भोले बाबा आदर्श रामलीला-रासलीला नाटक कला मंडल चंदौसी के कलाकारों द्वारा पहले दिन नारद मोह और विष्णु लीला का मंचन किया जाएगा।
इस दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से रामलीला मैदान गूंज उठा। मुकुट पूजन में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष धीरज कुमार बिश्नोई, निर्देशक सुधीर कुमार बिश्नोई, कोषाध्यक्ष नवनीत पहलवान, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष महेशचंद्र गुप्ता, भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष अभय कुमार बिश्नोई, सहकारी समिति कांठ चौहान नंबर तीन के सभापति सचिन चौहान बंटी, संजीव गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, कृष्ण कुमार बिश्नोई, विनोद नंबरदार, मास्टर सुरेंद्र बिश्नोई व डॉ. राजकुमार कश्यप आदि रहे।