इस्लामनगर (बदायूं)। कच्छा-बनियान पहनकर आए बदमाशों ने इस्लामनगर कस्बे में मंगलवार देर रात किसान निजाकत के घर धावा बोलकर दो घंटे तक आतंक मचाया। सात हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब 19 लाख रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर महिलाओं समेत परिवार के छह लोगों को तमंचों की बट और लाठी डंडों से बेरहमी से पीटा। एक साल के मासूम को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश पूरे घर में तांडव करते रहे। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के मुड़िया गांव निवासी किसान निजाकत इस्लामनगर कस्बे में बिल्सी-बिसौली मार्ग पर कोल्ड स्टोर के पीछे मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। सबसे पहले आंगन में सो रहे निजाकत को दबोचकर तमंचे की बट और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जागीं पुत्रवधू फिजा को भी नहीं बख्शा गया।
इसी दौरान बदमाशों ने पास में सो रहे फिजा के एक वर्षीय बेटे अली रजा को गन प्वाइंट पर ले लिया। मासूम की कनपटी पर तमंचा टिकाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद घर में मौजूद निजाकत की पत्नी मिस्किन, बेटी शबनम, छोटे भाई की पत्नी नाजिश और 16 वर्षीय अल्तमश को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बदमाशों ने सभी के हाथ-पैर बांध दिए और आराम से घर खंगालते रहे।
परिजनों के अनुसार बदमाश करीब आठ तोला सोने के जेवर, ढाई से तीन किलो चांदी और सवा लाख रुपये नकद समेट ले गए। करीब साढ़े तीन बजे बदमाश फरार हुए। उनके जाने के बाद फिजा ने किसी तरह परिजनों के बंधन खोले। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया, सीओ बिल्सी केके तिवारी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार देर रात तक पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी थी। उधर, क्षेत्र के सिठौली गांव में भी मुनीश समेत चार घरों में बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं में शामिल बदमाश अलग-अलग थे।
चार टीमें तलाश में जुटीं
एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि घटना में चार बदमाश शामिल होने की बात सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।