कांठ (मुरादाबाद)। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में बंदर और कुत्तों का आतंक चरम पर है, लेकिन जिम्मेदार पूरी तरह मौन हैं। पिछले दो दिन में नगर व ग्रामीण क्षेत्र के 22 लोगों को आवारा कुत्तों व बंदरों ने काटकर घायल कर दिया। सोमवार को सभी ने सीएचसी में पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई।
रविवार की दोपहर छजलैट के गांव अन्यारी निवासी वृद्ध किसान कल्लू सिंह पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया था, जिससे वह छत से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई थी।इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान चली गई।
सोमवार को कुत्तों के काटने से घायल हुए 22 लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जिन्हें स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एंटी रैबीज वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। वहीं 35 मरीजों को दूसरी, 22 मरीजों को तीसरी और 19 मरीज को चौथी डोज लगाई गई है। लोगों को आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।