फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद मंडल में ड्रोन की दहशत: ग्रामीण रातभर कर रहे पहरेदारी, उड़ाने वालों का मकसद क्या.. फैल रही यह अफवाह

Thu, 17 Jul 2025 03:38 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

मुरादाबाद मंडल के संभल, अमरोहा और छजलैट के बाद अब कांठ क्षेत्र में रात के समय उड़ते ड्रोन से दहशत का माहौल है। बीते एक सप्ताह से लगातार अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में ड्रोन देखे जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन्हें कौन और क्यों उड़ा रहा है। पुलिस ने सभी ग्रामीण थानों को अलर्ट कर दिया है।
विज्ञापन
मुरादाबाद में रात को पहरेदारी करते लोग - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुरादाबाद मंडल के संभल, अमरोहा और मुरादाबाद के छजलैट के बाद अब कांठ क्षेत्र में ड्रोन ने दहशत फैला दी है। एक सप्ताह से रात में ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। इन्हें कौन उड़ा रहा है और इसके पीछे क्या मकसद है। इससे अब तक पर्दा नहीं उठ पाया है। छजलैट और कांठ के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के सभी थानों की पुलिस को अफसरों ने अलर्ट कर दिया है।

विज्ञापन


ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग कभी तेंदुए की दहशत से परेशान है तो कभी चोरी की घटनाओं की वजह से रात में सो नहीं पाते हैं। अब उनके ड्रोन नई मुसीबत बनकर सामने आई है। ड्रोन उड़ने का यह मामला सबसे पहले 15 दिन पहले अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में सामने आया था।

इसके बाद नौ जुलाई को संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के भिड़वाला और मन्नीखेड़ा गांव में ड्रोन उड़ने की बात सामने आई। रात में लोगों ने ड्रोन देखकर शोर मचा दिया। इसी दौरान भिड़वाला में नंद किशोर सैनी और मन्नीखेड़ा गांव में चेतन चौधरी के घर में बदमाश घुस गए। हालांकि शोर मचने पर बदमाश भाग गए।
विज्ञापन


एक ही समय में ड्रोन और बदमाशों के घर में घुसने की घटना सामने आई लेकिन ड्रोन बदमाशों ने उड़ाए थे या किसी और ने अब तक इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया है। इसके बाद संभल में दोबारा ड्रोन उड़ने की घटना सामने नहीं आई। दो दिन पहले अमरोहा के आदमपुर थानाक्षेत्र में लोगों ने ड्रोन उड़ता देखा तो पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस अलर्ट हुई तो ड्रोन अमरोहा से मुरादाबाद सीमा की सीमा में घुस गया।

डीआईजी ने सभी जिलों को किया अलर्ट 
डीआईजी मुनिराज जी ने बताया कि ड्रोन उड़ने को लेकर पुलिस को अलर्ट किया गया है। मंडल के सभी पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने जिले में ड्रोन उड़ने के मामलों की जांच कराए। इन्हें कौन उड़ा रहा है। इसका खुलासा किया जाए।

 ग्रामीणों ने बनाया व्हाट्सएप ग्रुप, फोटो कर रहे साझा
रात में ड्रोन उड़ने की घटना को लेकर छजलैट के बैरमपुर, किशनपुर, अंयारी, चंगेरी, खुशहालपुर, मथाना, विशनपुर, पचोकरा, कूड़ा मीरपुर, छजलैट समेत दर्जनों गांवों में लोगों ने व्हाट्सएप ग्रुप बना लिए हैं। कहीं ड्रोन उड़ता देखते हैं तो वह फोटो खींचकर ग्रुप पर शेयर कर देते हैं और उसकी लोकेशन भी बताते हैं। इसके बाद लोग अलर्ट हो जाते हैं और पुलिस को सूचना दे दी जाती है।

कांठ : गांवों में दिखे ड्रोन, पुलिस ने की तलाश 
छजलैट के बाद अब कांठ के कई गांवों में मंगलवार की रात ड्रोन उड़ते नजर आए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी ड्रोन उड़ते देखे लेकिन वह कुछ नहीं कर पाई। मंगलवार की रात जहांगीरपुर चकफेरी, कुम्हरिया जुबला, रूस्तमपुर, शेरपुर, भैंसली जमालपुर, मघपुरी इनायतपुरी, मिश्रीपुर, बेगमपुर समेत अन्य गांवों में ड्रोन दिखाई दिए हैं।

कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक गांव मघपुरी इनायतपुरी पहुंचे लेकिन ड्रोन उड़ाने वाले हाथ नहीं आए। सीओ कांठ गाैरव त्रिपाठी का कहना है कि ड्रोन उड़ाकर लोगों में दहशत फैलाना यह किसी की शरारत है। इससे क्षेत्र में अफवाह फैली हुई है। जहां से सूचनाएं मिल रही हैं वहां पुलिस भेजी जा रही है। संभल से ड्रोन उड़ाने की शुरुआत हुई थी। 

पुलिस और ग्रामीणों ने गन्ने के खेतों में चलाया अभियान
छजलैट और कांठ थाने की पुलिस ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेत और ट्यूबबेलों पर जाकर ड्रोन की तलाश कर रही है। पिछले एक सप्ताह से पुलिस और ग्रामीण परेशान हैं लेकिन ड्रोन उड़ाने वाले नहीं मिल पा रहे हैं।

छतों पर नहीं सो रहीं महिलाएं व बच्चे
ड्रोन उड़ने की दहशत में लोग अपने बच्चे और परिवार की महिलाओं को आंगन और छत पर नहीं सोने दे रहे हैं। बच्चों और महिलाओं को कमरों में सुलाया जा रहा है और खुद छत पर रात रात भर पहरेदारी कर रहे हैं।

दावा : हमने ड्रोन उड़ता देखा
छजलैट के शादाब खान और सोनी ने बताया कि पहले वह भी अफवाह मान रहे थे लेकिन उन्होंने 15 जुलाई की रात खुद ड्रोन उड़ते देखा। इसकी लाइट अंधेरे में भी साफ दिखती है। इसे देखने के बाद लोग सो नहीं पाते। फूलपुर गांव के आकाश चौधरी और सुभाष सिंह ने भी ड्रोन देखे जाने की बात कही है। इनका कहना है कि यह ड्रोन क्या है। पुलिस को इसका खुलासा करना चाहिए ताकि लोगों का डर दूर हो। 

खुशहालपुर के हरवीर ने बताया कि उनके घर के पास अमरूद के पेड़ों के ऊपर ड्रोन साफ दिखाई दिया। बाद में वह ऊपर की ओर चला गया। उन्होंने कहा कि इस रहस्य का पर्दाफाश होना चाहिए। ड्रोन उड़ने की घटनाओं से ग्रामीणों के साथ ही पुलिसकर्मी भी हैरान है। ड्रोन उड़ाने वाले कौन और कहां रहते हैं। यह रहस्य बना हुआ है।

रामपुर में भी पहरेदारी कर रहे लोग
रामपुर के सैदनगर गांव में मंगलवार की रात भी ड्रोन उड़ते हुए दिखे। क्षेत्र के गांगन नगला गांव में भी ड्रोन उड़ते हुए देखा गया जिसके बाद ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। ग्रामीण पहरा दे रहे हैं लेकिन कहीं न कहीं चोर घटनाओं को अंजाम देने में कामयाब हो रहे हैं। क्षेत्र के कई गांव में ग्रामीणों ने ड्रोन को उड़ता देखा है। उसकी फोटो भी कैमरे में कैद की है। चोरों की ड्रोन वाली नई तरकीब पुलिस व ग्रामीणों को हैरत में डाल रही है।

एक क्षेत्र के दर्जनभर गांव में चोरों की दहशत है। कई गांव में घटनाएं भी हो चुकी हैं तथा चोर किसी न किसी गांव में हर रात दस्तक दे रहे हैं। गांगन नगला गांव में चोरों की दस्तक के बाद ग्रामीण जाग गए और फिर ग्रामीण लाठी डंडों से लैस होकर चोरों की तलाश में जुट गए। उन्होंने जंगलों में भी चोरों की तलाश की, लेकिन चोर हत्थे नहीं चढ़े।

ठाकुरद्वारा में भी देखा गया ड्रोन 
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव नगलिया नारायण में बुधवार रात आसमान में ड्रोन देखकर लोग घबरा गए। गांव के अनिरुद्ध चौधरी, विशाल चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, शक्ति कश्यप आदि ने बताया कि उन्हें रात करीब 8:30 बजे गांव के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। करीब पांच मिनट तक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। फिर आंखों से ओझल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी है। 
विज्ञापन

लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। पुलिस जांच में जुटी है। संभल और अमरोहा में सामने आया है कि शरारती तत्वों ने ड्रोन उड़ाए थे। यहां भी शरारती तत्वों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। - सतपाल अंतिल, एसएसपी

इस तरह की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह अफवाह भी हो सकती है। यदि कोई इस तरह की शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी। - विद्या सागर मिश्र, एसपी, रामपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें