मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-3 पर चालक को हार्ट अटैक आने से ओमनी वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे माैके पर अफरा-तफरी मच गई। पास ही ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने समय रहते सीपीआर देकर चालक की जान बचा ली।
अचानक गाड़ी अनियंत्रित, डिवाइडर से टकराई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओमनी वैन पर लॉ कॉलेज का प्रचार बोर्ड लगा था और वह रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-3 के पास से गुजर रही थी। तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर से टकरा गया। गाड़ी ने सामने से आ रही एक स्कूटी को टक्कर मारी थी। देखते ही देखते लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस की बहादुरी पर मिली सराहना
इस पूरे घटनाक्रम के बाद ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और सूझबूझ की हर तरफ सराहना होने लगी। स्थानीय लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों की तारीफ की। इसकी जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस बहादुरी भरे कार्य को सराहा और दोनों कांस्टेबलों को पांच हजार का नकद इनाम देकर सम्मानित किया।