मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाला 10 वर्षीय छात्र आर्यन शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मझोला थाने में छात्र के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह प्लेटफॉर्म एक पर खड़ा दिखाई दिया है।
मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार मझोला गली नंबर एक निवासी सोमपाल ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका बड़ा बेटा आर्यन(10) चौथी कक्षा का छात्र है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे आर्यन घर से बिना बताए कहीं चला गया। रिश्तेदारों और परिचितों के घर जाकर उसके बारे में जानकारी की गई लेकिन कहीं नहीं मिला है। आर्यन के ताऊ गोविंद पाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन की फुटेज में दिखाई दिया है। वह प्लेटफॉर्म एक पर खड़ा होकर ट्रेन का इंतजार कर रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।