मुरादाबाद। रेल मंडल में शनिवार से और पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू हो रहा है। इसमें अवध-असम एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से पहली ट्रेन लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस 13 सितंबर की सुबह साढ़े चार बजे मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी। इन ट्रेनों के लिए रेलवे ने 10 सितंबर से ही बुकिंग शुरू कर दी थी। जिसके कारण अब सभी ट्रेनों में बुकिंग फुल हो चुकी है। हालत यह है कि इस सप्ताह की किसी भी तारीख में कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बेहद कम है। किसी तारीख में 15, किसी में 22, तो किसी में 40 टिकट वेटिंग में हैं।
ऐसे में बहुत आवश्यक कार्य से जाने वाले यात्रियों के लिए तत्काल बुकिंग का विकल्प मौजूद है। लेकिन उसमें भी सीमित संख्या में ही टिकट बुक किए जाते हैं। तत्काल बुकिंग के लिए स्टेशन पर स्थित बुकिंग काउंटर सुबह 10 बजे खुल रहा है। यात्रियों के टिकटों की बुकिंग करने वाले स्टाफ का कहना है कि लोग काफी पहले ही आकर लाइन लगा लेते हैं। लेकिन सीटों की संख्या सीमित होने के कारण कुछ लोग ही बुकिंग करा पाते हैं। दूसरी ओर यात्रियों के पास रेलवे के मोबाइल एप आईआरसीटीसी से तत्काल बुकिंग का विकल्प भी है।
कन्फर्म टिकट न मिलने पर ऐसे कराएं तत्काल बुकिंग
कन्फर्म टिकट न मिलने पर आप बुकिंग काउंटर से या आईआरसीटीसी वेबसाइट से टिकट बुक करा सकते हैं। तत्काल बुकिंग 10 बजे से शुरू हो जाती है। वेबसाइट पर लाग इन करने के बाद यात्रा की तारीख और ट्रेन चुनें। तत्काल कोटा पर क्लिक करने के बाद जिस श्रेणी के कोच में आपको यात्रा करनी है उसका चुनाव करें। यात्रा का विवरण व कैप्चा कोड भरकर भुगतान करें। भुगतान के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआईआईडी या अन्य विकल्पों का प्रयोग कर सकते हैं। इसके बाद बुक टिकट पर क्लिक करने से आपकी बुकिंग स्वीकृत हो जाएगी। साथ ही यह याद रखें कि कन्फर्म तत्काल टिकट को कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलता।