बिलारी। तहसील और नगरपालिका प्रशासन ने नगर में आगरा हाईवे के दोनों ओर बने नालों और मुख्य बाजार में दुकानों के आगे नालों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई है। बृहस्पतिवार शाम एसडीएम और ईओ ने नगर में हाईवे किनारे नाले पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया।अतिक्रमणकारियों से शुक्रवार शाम तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया है।
मुरादाबाद से आगरा जाने वाला हाईवे बिलारी नगर में तहसील, थाना, बस स्टेंड, गन्ना समिति और गांधी पार्क से होकर गुजरता है। हाईवे के दोनों ओर बने नाले पर कुछ फल विक्रेताओं और दुकानदारों ने अस्थायी अतिक्रमण कर रखा है। परिवहन निगम बस स्टैंड और गांधी पार्क के निकट ई-रिक्शा व डग्गामार वाहनों का जमावड़ा रहता है। इस कारण हाईवे पर जाम लगा रहता है। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों द्वारा हाईवे पर जाम लगने की समस्या जिला प्रशासन तक पहुंचाई थी।
बृहस्पतिवार शाम एसडीएम प्रिंस वर्मा, नगरपालिका की ईओ रजनी सिंह के अलावा नायब तहसीलदार, नगरपालिका के अवर अभियंता और सफाई कर्मी जेसीबी मशीन लेकर हाईवे पर पहुंचे। इस दौरान तहसील के सामने डॉ. आंबेडकर पार्क से लेकर हाईवे पर सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पर दोनों ओर के अस्थायी अतिक्रमण को अधिकारियों ने चिन्हित किया। पालिका की ईओ रजनी सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह नगरपालिका के स्टाफ रंगीन पट्टी बनाकर हाईवे के दोनों ओर नाले के रकबे को चिन्हित करेंगे। अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार शाम तक का समय दिया गया है। पालिका की ईओ के अनुसार बिलारी नगर के मुख्य बाजार इलाके में दुकानों के आगे नालों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी शीघ्र हटवाया जाएगा।
फोटो परिचय-06,07