मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर को रात ग्यारह बजे न खोलने पर उसमें पूजा करने के उद्देश्य से गए एक दंपती ने पुजारी व उनकी पत्नी से मारपीट की। पुजारी ने पत्नी के साथ महिला थाना पहुंच कर इसकी लिखित शिकायत की। महिला थाना एसओ ने मामले से मझोला थाना पुलिस को अवगत कराते हुए जांच कर कार्रवाई को कहा है।
मझोला थाना क्षेत्र के खुशहालपुर प्रीतविहार में नागेश्वर मंदिर के पुजारी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि वह करीब आठ साल से मंदिर में पूजापाठ करते आ रहे हैं। आरोप है कि शनिवार रात करीब 11 बजे मोहल्ले में ही रहने वाले एक व्यापारी अपनी पत्नी के साथ नींबू आदि लेकर एक अन्य व्यक्ति के साथ मंदिर पर आए और मंदिर का दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाने लगे। शासन द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जारी नियमों का हवाला देते हुए रात में मंदिर न खोलने से इनकार कर दिया। पुजारी का आरोप है कि इस व्यापारी ने उसके साथ मारपीट की उसकी पत्नी ने विरोध किया तो उसे भी मारा पीटा। जिससे उसकी दोनों बेटियां डर गई और रोने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग आए तब आरोपी वहां से गए। पुजारी ने बताया कि रात में ही उसने इसकी शिकायत मझोला थाने में भी की, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई। पुजारी रविवार अपनी पत्नी सरोज के साथ सुबह महिला थाना शिकायत लेकर पहुंचे और पत्नी की ओेर से तहरीर दी। महिला थाने की एसओ ने मझोला पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए जांच कर कार्रवाई को कहा है।