मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में नमाज पढ़कर लौट रहे दो किशोरों पर हमला कर दिया। बाद में घर में घुसकर मारपीट की गई। ग्राम भैंसिया निवासी उस्मान अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे उनका बेटा फैजान (17) और भतीजा सरताज (17) इमदादिया मदरसा एकता विहार में नमाज पढ़ने गए थे।
आरोप है कि वहां नवाब नामक युवक ने बेटे के साथ गाली-गलौज की। जब दोनों किशोर बाहर निकले तो कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की। किसी तरह दोनों जान बचाकर घर पहुंचे। इसके बाद आरोपी घर पर आ धमके। आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।