बिलारी। कोतवाली क्षेत्र के सनाई गांव में रविवार दोपहर अपने दादा के साथ भैंस को नहलाने गए किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृत किशोर उवैस (12) सनाई गांव निवासी इरशाद का पुत्र था। वह गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।
रविवार दोपहर बारह बजे के करीब उवैस अपने दादा खुर्शीद के साथ गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट के पास मौजूद तालाब में भैंस को नहलाने के लिए गया। बताया जाता है कि तालाब में उतरी भैंस गहराई की ओर चली गई, इस पर उवैस रस्सी पकड़कर भैंस को रोकना चाह, लेकिन वह भी रस्सी के साथ खिंचकर गहराई में चला गया, इससे वह डूब गया। तालाब किनारे बैठे दादा व अन्य बच्चों ने शोर मचाया, इस पर आसपास मौजूद ग्रामीण और उवैस के घर वाले भागकर तालाब पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने डूबे उवैस को तत्काल बाहर निकाला। परिवार के लोग बेहोश किशोर को उपचार के लिए बिलारी स्थित निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उवैस तीनों भाई बहनों में बड़ा था, और परिवार का लाडला था। उवैस का शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।