मुरादाबाद। सिविल लाइंस के अगवानपुर में दो साल पहले पत्नी को तीन तलाक बोलने वाला पति अब हलाल के लिए दबाव बना रहा है। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला की तहरीर पर तीन तलाक का केस दर्ज कर लिया गया है।
अगवानपुर की रहने वाली एक महिला की शादी नौ साल पहले मोहल्ले में ही रहने वाले युवक के साथ हुई थी। उसके दो बेटे हैं। महिला शनिवार को अपनी मां के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि दो साल पहले उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। महिला मायके आकर रहने लगी। दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठी। तब पति ने इनकार कर दिया कि उसने तीन तलाक नहीं दिया है। अब पति फिर से तंग करने लगा। उसने फिर से मारपीट शुरू कर दिया। कहा कि उसने उसे तीन तलाक दे दिया है। अब वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा। उस पर दबाव बनाया कि वह उसके भाई के साथ हलाला करे। इसके बाद उसे साथ रखेगा। चौकी इंचार्ज अगवानपुर संजीव बालियान ने बताया कि पति के खिलाफ तीन तलाक और उसके भाई के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।