बिलारी। स्थानीय तहसील सभागार में प्राथमिक शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार दोपहर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारम्भ संबंधी मुख्यमंत्री के भाषण का सजीव प्रसारण के माध्यम से शिक्षकों को दिखाया गया।
समारोह में उन शिक्षकों को प्रतीकात्मक कार्ड देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने कैशलेस कार्ड अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिए हैं। समारोह में आए अतिथियों के हाथों से माध्यमिक शिक्षा विभाग के चयनित शिक्षकों और प्रधानाचार्यों राजीव कुमार शर्मा, रामवीर सिंह, विचित्र कुमार, प्रियंका भारद्वाज और सुनीता राठौर तथा बेसिक शिक्षा विभाग से चयनित शिक्षकों अक्षय कुमार, अर्चना चौधरी, जगवीर सिंह, मनोज कुमार,अजय कुमार, इंद्रजीत सिंह, मोहर सिंह और भानू प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया। जिन छात्राओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से ड्रेस और जूतों आदि की निर्धारित धनराशि समय से खातों में पहुंची है ऐसी छात्राओं दीप्ति,मोनी, नंदनी,आरोही और उपासना को भी प्रतीकात्मक कार्ड दिए गए।
समारोह में अतिथि के तौर पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और बिलारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुरेश सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर पहले से ही गंभीर है। भाजपा सरकार में शिक्षकों को सदैव सम्मान मिला है यह कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए काफी लाभदायक होगी।समारोह की शुरूआत भाजपा नेता सुरेश सैनी के अलावा एसडीएम प्रिंस वर्मा,बीईओ विकास कुमार और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रघुपति देव ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर की। समारोह का संयुक्त संचालन नाजिम हुसैन, अक्षय कुमार और सिमी सदफ ने किया समारोह में राजीव कुमार, वरुण कुमार, पुनीत कुमार,सुदेश कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, पूनम,छवि,हिमानी आदि ने भी विचार रखे।