मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के करीब चार माह बाद भी शिक्षक पारिश्रमिक का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि विभाग के पास बजट होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। डीआईओएस का कहना है कि बेनिफिशियरी आईडी बनाई जा रही है। एक सप्ताह में भुगतान हो जाएगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का पांच केंद्रों पर मूल्यांकन किया गया था। इसमें अशासकीय विद्यालयों के अलावा वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षकों ने ड्यूटी की थी। शासन की ओर से जून माह में यात्रा व्यय और व्यावसायिक व विशेष सेवाओं के लिए बजट जारी कर दिया गया था। मुरादाबाद जनपद को यात्रा व्यय के रूप में करीब 22 लाख रुपये और व्यावसायिक तथा विशेष सेवाओं के भुगतान के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिला मंत्री पुष्पेश मिश्र ने बताया कि शिक्षकों को हाईस्कूल की एक उत्तर पुस्तिका जांचने के लिए 13 रुपये और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के लिए 15 रुपये मिलते हैं। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष विमलेंद्र शर्मा ने कहा कि शासन ने बजट जारी कर दिया है। दूसरे जनपदों में भुगतान शुरु हो गया है लेकिन यहां पर अभी भुगतान नहीं किया जा रहा है।
वर्जन...
कुछ दिन पहले ही बजट आया है। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों की बेनीफिशियरी आईडी बनाई जा रही है। एक सप्ताह में भुगतान कर दिया जाएगा।
रितु तोमर, डीआईओएस