मुरादाबाद। केजीके कॉलेज में मंगलवार का दिन दोहरी खुशी वाला रहा। इसमें प्रबंध समिति ने 16 शिक्षकों को स्थायी कर दिया। साथ ही वेतन का इंतजार करने वाले शिक्षकों की इस समस्या का भी समाधान होने वाला है। काफी दिन से तनाव झेल रहे शिक्षकों ने इन निर्णयों से राहत की सांस ली है।
कॉलेज में वर्ष 2020 से 2024 करीब 16 शिक्षकों को नियुक्ति मिली थी। प्रबंधक ने देय तिथि के हिसाब से दो साल बाद अर्ह शिक्षकों को स्थायी कर दिया था, लेकिन पद स्थायी नहीं होने की वजह से इनका स्थायीकरण रद्द करना पड़ा था। शासन द्वारा पद स्थायी करने के बाद वर्ष 2024 में इन शिक्षकों को स्थायी किया जाना था, लेकिन यह कार्य लंबित था। प्रबंधक-प्राचार्य के टकराव के बाद यह मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में आ गया। इसके बाद मंगलवार को प्रबंधक विवेक खन्ना ने सभी शिक्षकों को स्थायी कर दिया।
प्रभारी प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि कुलपति के निर्देशों को मानते हुए प्रबंध समिति ने शिक्षकों को स्थायी कर दिया है। सभी शिक्षकों के लिए उनकी देय तिथि से यह आदेश लागू हो जाएगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय इकाई के महामंत्री प्रो. राजकुमार सोनकर ने बताया कि प्रबंध समिति से निवेदन किया गया था और प्रबंधक विवेक खन्ना ने शिक्षक हित में उसे स्वीकार कर लिया है। उनका आभार व्यक्त करते हुए प्रो. राजकुमार सोनकर ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्थायी न होने की वजह से शिक्षकों की पदोन्नति रुकी हुई थी।
बुधवार को प्राचार्य कक्ष से ही दायित्वों का निर्वहन किया है। इसके साथ ही सभी शिक्षकों का वेतन बुधवार तक जारी हो जाएगा।
प्रो. विनोद पांडेय, प्रभारी प्राचार्य, केजीके कॉलेज