मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में आज (मंगलवार) सुबह आठ बजे से वोट डाले जाएंगे। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके लिए जिले में 12 केंद्र बनाए गए हैं। जहां तहसील परिसर से रवाना हुईं 20 पोलिंग पार्टियां सोमवार को पहुंच गईं। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले को सात जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। वहीं चुनाव परिणाम तीन दिसंबर को आएगा।
बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के 36703 शिक्षक मंगलवार को मताधिकार का प्रयोग कर अपना विधायक चुनेंगे। इन मतदाताओं के सामने चुनाव में 15 उम्मीदवार हैं। इसमें भाजपा से हरी सिंह ढिल्लो, कांग्रेस से मेहंदी हसन, सपा से संजय कुमार मिश्र समेत निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अभिषेक द्विवेदी, आशुतोष शर्मा, हाजी दानिश अख्तर, पीयूष सिंह राठौर, पुष्पेंद्र कुमार, बालकृष्ण, महताब अली, डा. राजेंद्र कुमार गंगवार, रामबाबू शास्त्री, विनय खंडेलवाल, सुनीत गिरि, सुभाष चंद्र शर्मा शामिल हैं। मतदाताओं के लिए 12 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसके लिए सात जोनल और दस सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। वहीं सोमवार को मुरादाबाद तहसील परिसर से निकली पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। शिक्षक विधायक का ताज किसके सिर सजेगा, ये मतगणना के बाद तीन दिसंबर को पता चलेगा।
किस जिले में कितने मतदाता
जिला------वोटरों की संख्या
बिजनौर-------6352
बरेली---------6230
मुरादाबाद------5475
शाहजहांपुर-----3896
अमरोहा-------3779
बदायूं---------3275
संभल---------2987
रामपुर---------2742
पीलीभीत-------1967
तीन जिलों में पचास फीसदी मतदाता
मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में कुल 36703 मतदाता हैं। सबसे अधिक 6352 मतदाता बिजनौर और सबसे कम 1967 वोटर पीलीभीत में हैं। पचास फीसदी मतदाता बिजनौर, बरेली और मुरादाबाद में शामिल हैं। बाकी पचास फीसदी वोटर छह जिलों में हैं।