गलशहीद थाना क्षेत्र में रहने वाली शिक्षिका ने अपने पति समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2019 में उसकी शादी गलशहीद निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। तीन बेटियां पैदा होने के बाद भी पति और ससुरालियों का उत्पीड़न कम नहीं हुआ। पति ने पीड़िता से बीस लाख रुपये और जेवर लेकर एक मकान खरीद लिया। पीड़िता का आरोप है कि पति की गैर मौजूदगी में उनके भाई ने महिला के साथ छेड़खानी की। आरोप है कि 5 नवंबर को रात करीब 11 बजे पति और उसके परिवार वालों ने मिलकर पीड़िता की पिटाई कर दी। पति ने उसे तीन तलाक देने की धमकी दी और घर से निकाल दी। पीड़िता अपने मायके पहुंची और मायके वालों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।