कांठ। टेलर ने अपने ही घर में टिनशेड के पाइप में कपड़े का फंदा डालकर उस पर लटक कर खुदकुशी कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मचा गया और मृतक के घर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया।
मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव नयागांव अकबरपुर चैदरी का है। यहां के रहने वाले अनवार का छोटा बेटा महफूज (22) एक अच्छा टेलर होने के साथ ही कोट पेंट बनाने में माहिर था। रविवार की रात वह घर में ही बने टिन शेड के कमरे में सोया था।
सोमवार की सुबह जब आठ बजे तक भी वह नींद से नहीं जागा तो पिता अनवार और उनकी बेटी रहनुमा कमरे में देखने गए। जहां महफूज टीन शेड के पाइप में पड़े कपड़े के फंदे पर लटका था। यह देख पिता-पुत्री की चीख निकल गई। जिस पर परिवार के अन्य लोग भी दौड़कर कमरे में पहुंच गए।
उन्होंने फंदे पर लटके महफूज को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण भी पहुंच गए। सूचना मिलते ही गढ़ी-सलेमपुर चौकी प्रभारी कमलदीप भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा तो परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया।
पिता अनवार का कहना था कि उनके बेटे से आत्म हत्या की है, उन्होंने कार्रवाई न करने के संबंध में पुलिस को लिखकर भी दे दिया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार महफूज एक मिलनसार युवक था, उसने यह कदम क्यों और किन परिस्थितियों में उठाया, इस बारे में परिजनों को भी कुछ नहीं पता। फिलहाल उसकी मौत से पिता अनवार, मां अनवरी, बहन तबस्सुम, रजिया, जैनब, रहनुमा, मुमताज, भाई शाहनवाज आदि सभी परिजनों का रोक-रोकर बुरा हाल है। संवाद