कांठ (मुरादाबाद)। क्षेत्र के मुख्त्यारपुर नवादा में टैक्सी चालक जीशान (26) ने अपने बड़े भाई से वीडियो कॉल पर बात की और फिर एक बाग में खुद को तमंचे से गोली मारकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि जीशान कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहा था।
कांठ के मुख्त्यारपुर नवादा निवासी जीशान दिल्ली के लिए अपनी टैक्सी (कार) चलाता था। जीशान बड़ा भाई अजीम भी टैक्सी चलाता है। शुक्रवार की सुबह दोनों भाई टैक्सी लेकर दिल्ली गए थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जीशान दोपहर में दिल्ली से लौट आया था। टैक्सी घर में खड़ी करने के बाद वह बाइक लेकर घर से कहीं गया और कुछ ही देर में ही वापस आ गया। इसके बाद वह पैदल ही फिर घर से चला गया।
अजीम ने पुलिस को बताया है कि करीब एक बजे जीशान ने वीडियो कॉल पर उससे बात करते हुए कहा था कि वह बहुत परेशान चल रहा है। यह उसकी उससे आखिरी बार बात हो रही है और उसने फोन काट दिया। इसके बाद अजीम ने घर पर फोन कर इस बारे में बताते हुए भाई को देखने के लिए कहा। इस पर परिवार वालों के साथ गांव के लोग उसे तलाशने के लिए निकल पड़े।
जब तलाशते हुए घर से आधा किलोमीटर दूर नहर के किनारे स्थित गांव के ही नसीम के बाग में पहुंचे तो जीशान यहां लहूलुहान और मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा था। वहीं पास में तमंचा और उसका मोबाइल भी पड़ा हुआ था। पता लगने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। सूचना पर पीआरबी और थाने से एसएचओ सुदेश पाल सिंह भी फोर्स के साथ आ गए।
मौके पर पहुंचे सीओ शुभम पटेल ने भी परिजनों से जानकारी ली। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार जीशान ने ठोड़ी व गले के बीच तमंचा सटाकर गोली चलाई थी। भाई अजीम ने पुलिस को बताया कि उसका भाई पहले दुकान और फिर टैक्सी में हुए नुकसान को लेकर वह डिप्रेशन में चल रहा था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि कारोबार में नुकसान और प्रेमिका की शादी दूसरे लड़के से हो जाने से युवक परेशान था।