काठगोदाम दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में टैक्स चोरी कर खाना सप्लाई किया जा रहा था। एसआईबी के छापे में इसका खुलासा हुआ है। मंगलवार को वृंदावन फूड इंडस्ट्रीज कंपनी की मुरादाबाद स्थित कैंटीन पर छापा मारकर एसआईबी ने खाना पकड़ा। कंपनी से सवा पांच लाख रुपये की पेनाल्टी तत्काल जमा कराई गई।
कंपनी कब से शताब्दी में टैक्स चोरी कर खाना सप्लाई कर रही थी... इसकी जांच शुरू हो चुकी है। जांच के बाद कंपनी पर और भी कर लग सकता है। दरअसल वृंदावन फूड इंडस्ट्रीज कंपनी का रजिस्ट्रेशन बनारस में है, लेकिन मुरादाबाद में यह कंपनी न तो रिटर्न दाखिल करती है और न ही उसका पंजीकरण है। वाणिज्य कर की एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) को जानकारी मिली थी कि पंजीकरण के बगैर ही शताब्दी में यह कंपनी मुरादाबाद से डिनर, सूप, पानी लोड करती है।
गढ़ हापुड़ के बीच यात्रियों को डिनर सर्व करती है। एसआईबी के ज्वाइंट कमिश्नर डीके सचान की अगुवाई में अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर रेकी की। भोजन पैकेट लेकर आने वाली गाड़ी का पीछा कर रेलवे परिसर के बाहर हनुमान नगर स्थित कंपनी के किचन, स्टोर तक टीम पहुंची। 350 प्लेट शाकाहारी एवं 150 प्लेट नानवेज भोजन पैकेट पकड़े। इसे शताब्दी में चलने वाले कैटरिंग मैनेजर को सुपुर्द किया गया।
यात्रियों की सुविधा देखते हुए भोजन जब्त नहीं किया गया। 5 लाख 27 हजार रुपये की पेनाल्टी कंपनी से जमा करा ली गई है। आगे और भी कार्रवाई होगी।
- डा. अजय गोयल एडिशनल ग्रेड-2 एसआईबी