वाणिज्य कर विभाग की टीम ने कर चोरी पकड़ने के अभियान के तहत सोमवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। महलकपुर रोड अगवानपुर स्थित प्लाई बोर्ड फैक्ट्री में छापा मारकर करीब एक करोड़ रुपये की कर चोरी का माल पकड़ा।
वहीं रेलवे स्टेशन के बाहर कर चोरी की हौजरी, पान मसाला और बर्तन पकड़े। एडीशनल कमिश्नर ग्रेड 2 डॉ. अजय गोयल ने बताया कि आयात की तुलना में कम कर का भुगतान करने वाले व्यापारियों को विभाग द्वारा चिह्नित किया जा रहा है और ऐसे व्यापारियों के खिलाफ नियमित रुप से अभियान चलाया जाएगा।
ज्वाइंट कमिश्नर कैलाश नारायण के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर मो. इलियास ने अपनी टीम के साथ महलकपुर रोड अगवानपुर स्थित विवेक अग्रवाल की प्लाई बोर्ड फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान प्लाई पत्ता, प्लाई बोर्ड, फ्लशबोर्ड के निर्माण और बिक्री संदिग्ध पाई गई।
दूसरे प्रदेश से माल लाकर निर्माण और बिक्री करके कर चोरी की जा रही थी। फैक्ट्री में ट्रक से लकड़ी उतारी जा रही थी, जबकि काफी दिनों से लकड़ी की खरीद नहीं दिखाई जा रही थी। इस तरह करीब एक करोड़ की कर चोरी पकड़ी गई।
इसी तरह रेलवे स्टेशन के बाहर टीम ने अभियान चलाया। यहां बाहर से लाया जा रहा कर चोरी का माल पकड़ा। करीब 60 नग माल जिसमें हौजरी, पान मसाला, बर्तन आदि सामान था की जांच की गई। कर चोरी पकड़े जाने पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये टैक्स वसूल किया गया।