मुरादाबाद। नगर के मोहल्ला हर्षनगर स्थित श्मशान में शनिवार की आधी रात को तंत्र क्रिया कर रहे हरियाणा के रोहतक जिले से आए एक तांत्रिक की लोगों ने जमकर धुनाई की। पुलिस ने तांत्रिक तथा उसके दो साथियों समेत छह लोगों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हर्षनगर क्षेत्र निवासी एक वृद्धा की मृत्यु हो जाने पर मोहल्ले में ही स्थित श्मशान में शनिवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया था। आधी रात के समय जब उसके परिजन वृद्धा की चिता के पास कुछ सामग्री रखने पहुंचे तब उन्होंने देखा कि तीन लोग चिता के पास बैठे हुए तंत्र क्रियाएं कर रहे हैं। मौके पर कुछ सामग्री भी पड़ी देख वृद्धा के परिजन भड़क गए। पता चला है कि उन्होंने रात में ही तंत्र क्रिया करने वालों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर काफी शोर शराबा और हंगामा होने लगा।
आधी रात को श्मशान में हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली के कस्बा चौकी प्रभारी गिरिजेश यादव पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। दरोगा के अनुसार श्मशान में आधी रात को कुछ लोग झगड़ रहे थे, जिनमें से छह को शांतिभंग करने के आरोप में मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में तांत्रिक पक्ष के नवीन कुमार निवासी ग्राम जिंदाड़ा थाना महन जनपद रोहतक हरियाणा, योगी त्रिलोकीनाथ निवासी ग्राम करणवास थाना डिबाई जिला बुलंदशहर और भगवान सिंह निवासी ग्राम भिड़वारी थाना हजरतनगर गढ़ी मुरादाबाद शामिल हैं। तांत्रिक पक्ष को पीटने के आरोप में पुलिस ने बिलारी नगर के मोहल्ला कोरियान निवासी राजू, धर्मेंद्र और सत्यपाल को भी शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। हरियाणा के नवीन कुुमार को पिटाई से घायल होने की वजह से पुलिस ने रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि किसी नागरिक ने नगर के श्मशान में तंत्र क्रिया करने के लिए बाहर के लोगों को बुलाया था और कहा गया था कि किसी वृद्धा की चिता जलने के बाद उस पर बैठकर ही तंत्र क्रिया की जाए।