सिविल लाइन थानाक्षेत्र में रहने वाले एक तांत्रिक ने पड़ोस में रहने वाली महिला को जादू दिखाने के बहाने पांच लाख रुपये के जेवर, 30 हजार की नगदी ठगी ली। इससे पहले आरोपी ने महिला के बेटे को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़प लिए थे। आरोपी तांत्रिक के जेल जाने के बाद महिला को ठगी का पता चला तो उसने एसएसपी से शिकायत की, सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सराय खालासा निवासी महिला विधवा महिला धनवती ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला दुष्यंत कठेरिया उर्फ ऋषि तंत्र क्रिया करता है, उसने अपनी जान पहचान रेलवे के अधिकारियाें से बताकर महिला के बेटे कपिल की रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और तीन माह पहले तीन लाख रुपये हड़प लिए। महिला की बेटी की शादी 17 फरवरी को थी, उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे। दुष्यंत ने महिला को बताया कि उसके पास रुपये नहीं है लेकिन वह ऐसी तंत्र क्रिया जानता है, जिससे की महिला के घर में रखे जेवर 15 दिन में दोगुने हो जाएंगे।
शादी के लिए घर में रखे पांच लाख रुपये के जेवर आरोपी ने महिला से मंगवा लिए। आरोप है कि तंत्र क्रिया के बाद आरोपी ने पोटली में जेवर बांधकर घर में मंदिर के पास जमीन खोदकर दबा दिया, महिला से 15 दिन बाद पोटली को जमीन से बाहर निकालने के लिए कहा। चार फरवरी को 15 दिन पूरे होने पर महिला ने जमीन में दबी पोटली को बाहर निकाला तो उसमें खाली लिफाफे और कागज रखे मिले। शिकायत की तो आरोपी ने बताया कि पोटली खोलने से पहले एक तंत्र क्रिया करनी थी, जो नहीं कराए जाने के कारण जेवर गायब हो गए हैं।
आरोपी ने तंत्र क्रिया करने के बहाने महिला से 30 हजार रुपये दोबारा हड़पे। इस दौरान आठ फरवरी को आरोपी को धोखाधड़ी के दूसरे मामले में सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तो महिला को खुद के साथ हुई ठगी का पता चला। महिला ने कर्ज लेकर बेटी की शादी की। मामले की शिकायत एसएसपी से कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि तांत्रिक ने पांच लाख रुपये के जेवर, 3.30 लाख की नगदी हड़पी है। एसएचओ सिविल लाइन अजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।