बिलारी। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए 96 लाख रुपये के लाभ का बजट पारित हो गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर नगरपालिका कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में नगरपालिका की आय बढ़ाने के लिए भी कई प्रस्तावों को बोर्ड ने मंजूरी दे दी। इस दौरान सभासदों ने अपने अपने वार्डों के विकास संबंधी अनेक प्रस्ताव पारित कराए।
बैठक शुरू होते ही एजेन्डे के अनुसार नगर पालिका की ईओ ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए अनुमानित आय 32 करोड़ आठ लाख दस हजार रुपए और अनुमानित व्यय 31 करोड़ ग्यारह लाख साठ हजार रुपए का बजट बैठक में प्रस्तुत किया। चर्चा के बाद सर्व सम्मति से 96 लाख रुपये के लाभ के बजट को बोर्ड ने मंजूरी दे दी।
नगर पालिका की आय बढ़ाने के लिए नगर के पैठ बाजार इलाके में पुराने वाटरवकर्स कंपाउंड की जगह पर दुकानों का निर्माण कराने पर सहमति बनी।
बैठक में नगर में सुमाली कब्रिस्तान के निकट राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल की भूमि की चाहर दीवानी और यहीं पर एक कक्ष बनाए जाने. वार्ड 5 में पासी समाज की धर्मशाला का सौंदर्यीकरण कराए जाने, मोहल्ला ठाकुरान में शहीद आजम पार्क का सौंदर्यीकरण कराने के अलावा नया गेट बनवाने, नगर में पुराना डाकघर रोड का नाम डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से रखे जाने आदि प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में बारिश के मौसम में नगर की कई सड़कों पर जलभराव की समस्या पर चर्चा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जल निकासी के लिए स्थायी परियोजना बना ली गई है और अब जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।
नगर में घूमने वाले आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाने, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया का सरलीकरण किए जाने, महाराजा दक्ष प्रजापति के नाम से पार्क बनाए जाने आदि पर भी सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव और संचालन ईओ रजनी सिंह ने किया।