आस्ट्रेलियाई गेंदबाज मिचेल को छोड़ा पीछे
अमरोहा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव परवेज पाशा ने बताया कि मोहम्मद शमी सबसे कम गेंद पर वनडे मैच में 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 5126 वनडे गेंद फेंककर हासिल की है। शमी ने ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ा है।
जिन्होंने 5240 गेंदों पर 200 वनडे विकेट पूरे किए थे। तीसरे स्थान पर सकलेन मुश्ताक हैं, जिन्होंने 5451 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि ब्रेट ली और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 5640 और 5783 गेंदों पर 200 विकेट पूरे किए थे। शमी के भाई हसीब ने बताया कि शमी की इस कामयाबी पर पूरे परिवार को गर्व है। हमें उनसे यही उम्मीद थी। मोहम्मद शमी आने वाले समय में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे ऐसी उम्मीद है।
बांग्लादेश के पांच विकेट चटकाए
चैंपियंस ट्रॉफी में जिले की शान मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज ढेर नजर आए। उन्होंने बृहस्पतिवार को दुबई में खेल गए मैच में पांच विकेट झटके थे। साथ शमी ने एकदिवसीय मैच में सबसे कम गेंदों पर 200 विकेट लेने की उपलब्धि भी हासिल की। मोहम्मद शमी की इस कामयाबी पर उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।