बिलारी। गन्ना विभाग के कार्यालय में मंगलवार दोपहर चीनी मिल स्टाफ और गन्ना विकास परिषद के पर्यवेक्षकों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें एक मई से तीस जून तक चलने वाले गन्ना सर्वे के बारे में जानकारी दी गई। गांव-गांव जाकर गन्ना सर्वे करने को लेकर रणनीति बनाई गई। कर्मचारियों को सर्वे कार्य के बारे में बताया दी गई।
गन्ना विकास परिषद बिलारी में आने वाले 269 ग्रामों के किसानों की गन्ने की फसल का सर्वे होगा। सर्वे के लिए बिलारी चीनी मिल क्षेत्र में 18 टीमें, मझावली चीनी मिल क्षेत्र में पांच टीमें और करीमगंज चीनी मिल क्षेत्र में चार टीमें काम करेंगी। सर्वे टीमों में गन्ना विभाग की ओर से गन्ना परिषद बिलारी के पर्यवेक्षक जबकि चीनी मिलों की ओर से उनके कर्मचारी मौजूद रहेंगे। सर्वे कर्मियों को सर्वे का पूरा ब्यौरा विभागीय साइड पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
सर्वे कर्मियों को बताया गया कि प्रत्येक गन्ना किसान को सर्वे की जानकारी देकर किसान से घोषणा पत्र भरवाना होगा तथा सर्वेक्षण की स्लिप सर्वे कर्मी द्वारा मौके पर ही संबंधित किसान को देनी होगी। गन्ने की पेड़ी के पुराने रकबे का सत्यापन और पौधे के नए रकबे का सर्वे करना होगा। इस अवसर पर गन्ना निरीक्षक संजीव कुमार, गन्ना महाप्रबंधक गिरीश कुमार, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक संजीव कुमार और मनोज कुमार आदि रहे।