कांठ। नगर में गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों से प्रवेश से मुरादाबाद-हरिद्वार रोड पर बृहस्पतिवार को जाम लग गया। जिससे नगर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिम्मेदार गन्ना ओवरलोडिंग रोकने के लिए कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, ओवरलोड ट्रकों से गन्ना गिर रहा है। कांठ नगर के बीच से ही होकर मुरादाबाद-हरिद्वार रोड निकल रहा है। इस हाईवे पर जहां अव्यवस्थाएं हावी हैं तो वहीं अतिक्रमण भी व्याप्त है। ऊपर से रोडे पर गुजरने वाले ओवरलोड गन्ना वाहन भी कांठ नगर में जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। पूरा दिन नगर में जाम की स्थिति रहती है, जिसके कारण नगर में रोड पर चलना भी दूभर हो गया है।
जिम्मेदार जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिसका परिणाम है कि हर रोज जाम की समस्या तेजी से बढ़ती ही जा रही है। बृहस्पतिवार को भी पूरा दिन बार-बार लगने वाले जाम से लोग जूझते रहे।
जितेंद्र विश्नोई, दिनेश कुमार, देवराज सिंह, अंकित शर्मा, हेमंत कुमार, निपेंद्र कुमार आदि नगरवासियों ने जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं एसडीएम कांठ संत दास पंवार का कहना है कि जल्द ही जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।