एजेंसी ठाकुरद्वारा। समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी चीनी के दाम कम न होने से नगर के लोग निराश हैं। बाजार में चीनी का फुटकर भाव 60 रुपये प्रति किलो से नीचे नहीं आया है। कुछ जगह तो विक्रेता मौका देखकर 64 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से भी बेच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि समाधान दिवस में शिकायत के तुरंत बाद एक ट्रक पर लगा चीनी 50 रुपये किलो के बैनर की झलक सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। इससे लगा कि समाधान दिवस में शिकायत का असर हो गया लेकिन बाजार में खरीदारी के समय प्रति किलो चीनी की कीमत 60 रुपये या इससे ऊपर ही देनी पड़ी।
नगर में ही रहने वाले कमल सिंह ने अपना अनुभव बताया कि बाजार में घूमने पर पाया कि कहीं भी चीनी 60 रुपये किलो से कम नहीं है। गांव मानावाला निवासी बबलू ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि नवरात्र से दिवाली तक त्योहारी माहौल में मिठाई समेत चीनी का खर्च बढ़ जाता है। ऐसे में त्योहार की तैयारियों पर चीनी की कीमतें भारी पड़ रही हैं। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अधिवक्ता उमेश गुप्ता ने कहा कि 17 अक्तूबर को समाधान दिवस में यह शिकायत रखने पर वहां मौजूद एडीएम जितेंद्र पाल ने एसएमआई को जांच के निर्देश दिए थे। बोले, एक-दो दिन में भाव नहीं घटे तो और बड़े अफसरों से शिकायत की जाएगी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ठाकुरद्वारा इकाई के अध्यक्ष लईक आजाद का कहना है कि छोटे व्यापारी थोक कारोबारियों से मिले भाव पर ही चीनी बेच रहे हैं। प्रशासन को होलसेल में बिक्री करने वालों और चीनी मिलों पर सख्ती करनी चाहिए।
इस बाबत पूछने पर एसडीएम अंजनी कुमार मिश्रा ने कहा कि चीनी अधिक रेट पर बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश एसएमआई को दिए गए थे। उन्होंने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की है, इस बारे में उनसे पूछा जाएगा। उधर, एसएमआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि अवकाश के कारण वे अभी दुकानों की चेकिंग नहीं कर सके हैं। बुधवार से जांच की जाएगी। जरूरत पर चीनी मिल में जाकर भी जांच करेंगे।