बिलारी। किसानों का बकाया गन्ना मूल्य का 39.91 करोड़ रुपये का भुगतान न करने और टैगिंग आदेश के उल्लंघन के आरोप में लक्ष्मी जी चीनी मिल के अध्यासी राणा वीर प्रताप सिंह, मुख्य वित्त अधिकारी गौरव गर्ग और उपमहाप्रबंधक वित्त अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सहकारी गन्ना विकास समिति बिलारी के विशेष सचिव आरके पाठक की ओर से बुधवार सुबह थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि लक्ष्मी जी चीनी मिल का बीता पेराई सत्र पांच नवंबर को शुरू होकर 26 फरवरी को समाप्त हो गया। इस अवधि में चीनी मिल ने गन्ना समिति के माध्यम से 44.50 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की। इस खरीदे गए गन्ने का मूल्य 164.21 करोड़ रुपये में से बिलारी चीनी मिल ने किसानों को अब तक 124.30 करोड़ रुपये का भुगतान किया। चीनी मिल ने गन्ना खरीदने के 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान करने संबंधी नियमों का पालन नहीं किया गया और टैगिंग आदेश का उल्लंघन किया।