मुरादाबाद में हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाने और धर्म परिवर्तन के दबाव के मामले में पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। इसके अलावा कोचिंग सेंटर सहित कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी छात्राओं की तलाश की जा रही है।
हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। बृहस्पतिवार को विवेचक की ओर से पीड़िता के बयानों के अवलोकन के लिए अदालत में आवेदन किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने कोचिंग सेंटर से लेकर मिठाई की दुकान तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।
विज्ञापन
इसके अलावा आरोपी छात्राओं की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। बिलारी थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक ने 22 जनवरी को बिलारी थाने में पांच मुस्लिम छात्राओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि उसकी बहन 12 वीं कक्षा में पढ़ती है।
वह बिलारी के मोहल्ला साहूकुंज स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी। इसी सेंटर पर आरोपी पांच छात्राओं भी पढ़ती हैं। पांच छात्राओं ने उसकी बहन को बुर्का पहनाया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव भी बनाया है।
विज्ञापन
छात्रा को बुर्का पहनाया गया था, वहां की फुटेज तो पुलिस को मिल गई है लेकिन जिस मिठाई की दुकान पर छात्रा को कुछ खिलाने की बात कही गई है वहां की फुटेज अब तक पुलिस के हाथ नहीं आई है।
इसके अलावा कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निर्धारित समय सीमा बीतने की वजह से डिलीट हो गई है। बुधवार को विवेचक ने पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज करा दिए हैं।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए हैं। बयानों और विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।