बिलारी। पंचायतराज विभाग के अधिकारियों के गंभीर होने के बाद आखिरकार बीरमपुर गांव के परिषदीय स्कूल के छात्रों को बीस दिन बाद मिड-डे मील मिल पाया।
ब्लॉक से एडीओ पंचायत शकील अहमद शुक्रवार सुबह बीरमपुर गांव पहुंचे। एडीओ गांव के दोनों स्कूलों प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के प्रधानाध्यापकों से मिले। बीते लगभग बीस दिन से स्कूल में मिड-डे मील न बनने की वजह पूछी। बाद में उन्होंने अपनी मौजूदगी में अध्यापकों के सहयोग से मिड-डे मील बनवाया। एक नवंबर से बीरमपुर गांव के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्कूलों के लगभग 400 छात्रों को मिड-डे मील नहीं मिल रहा था।
ग्राम पंचायत बीरमपुर के प्रधान रहे बाबू हुसैन अंसारी की बीती छह जून को मृत्यु हो जाने की वजह से मिड-डे मील संचालन के लिए कन्वर्जन कॉस्ट के बैंक खाते से भुगतान नहीं हो पा रहा था। जुलाई से लेकर अक्तूबर तक चार माह तक तो दोनों स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने निजी स्रोतों से व्यवस्था कर स्कूली बच्चों के लिए मिड-डे मील बनवाया तब अधिकारियों को पत्र भेजकर बार-बार समस्या बताने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया। परेशान होकर शिक्षकों ने भी बीती 30 अक्तूबर के बाद से मिड-डे मील बनवाना बंद कर दिया था। स्कूली बच्चों को मिड-डे मील न मिलने की समस्या प्रकाश में आने और अधिकारियों तक बात पहुंचने पर आखिरकार ब्लॉक बिलारी से एडीओ पंचायत स्वयं गांव पहुंचे और उन्होंने स्कूली शिक्षकों की मदद से मिड-डे मील बनवाया। एडीओ पंचायत ने बताया कि मिड-डे मील बनवाने में जो खर्च आएगा उसका भुगतान ग्राम पंचायत के खाते से शिक्षकों को कराया जाएगा। बीरमपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार से स्कूली बच्चों को मिड-डे मील मिलना शुरू हो गया है।