ठाकुरद्वारा। नगर निवासी एक छात्र सोमवार को अपने दोस्तों के व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट डालकर गायब हो गया। छात्र कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। उसके हार्ट में कुछ परेशानी थी। छात्र के सुसाइड नोट डालकर गायब होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। परिजन पुलिस के साथ उसकी तलाश कर रहे हैं लेकिन शाम तक उसका पता नहीं चला।
नगर के मोहल्ला वार्ड 24 निवासी आरिफ का पुत्र रियाज (20) बीए में पढ़ता है और नगर के कोचिंग सेंटर पर स्टेनो की भी तैयारी करता है। सोमवार को उसने अपने दोस्तों के व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट डाला। कहा कि वह सुसाइड करना चाहता है उसके मम्मी-पापा को परेशान न किया जाए उसकी बहन की शादी अच्छी तरीके से की जाए। जब परिजनों को उसके इस पत्र के बारे में पता चला तो हड़कंप मच गया। परिजन कोतवाली पहुंचे पुलिस को इसकी सूचना दी इस पर पुलिस भी सक्रिय हो गई पुलिस ने परिजनों के साथ उसकी उत्तराखंड के काशीपुर, जसपुर, सुल्तानपुर पट्टी और ठाकुरद्वारा नगर में, रिश्तेदारों में उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। मोबाइल पर उसकी लास्ट लोकेशन उत्तराखंड के सुल्तानपुर पट्टी में मिली थी लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसकी लोकेशन पुलिस को नहीं मिल रही है। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।