सिरसवां दोराहा। बुधवार से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे 12वीं के छात्र जीशान की मंगलवार को पिकअप की टक्कर से माैत हो गई। वह परीक्षा की तैयारी के सिलिसिले में बाइक से सुबह के समय घर से निकला था। पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और उसकी जान चली गई। परीक्षा से एक दिन पहले छात्र की माैत का हर किसी को अफसोस है।
थाना डिलारी क्षेत्र के ग्राम सलेम सराय निवासी किसान मोहम्मद रफी का 18 वर्षीय पुत्र जीशान गांव के ही सकलैनी मुस्लिम पब्लिक स्कूल सलेम सराय में कक्षा 12 में पढ़ता था। बुधवार को उसका बोर्ड परीक्षा की द्वितीय पाॅली में सामान्य हिंदी का पेपर था। जिसकी तैयारी के सिलसिले में जीशान मंगलवार सुबह आठ बजे घर से बाइक से कोचिंग के लिए इस्लामनगर चौराहा जा रहा था। रास्ते में ग्राम मोहब्बतपुर के पास मुरादाबाद की तरफ से आ रही पिकअप के चालक ने लापरवाही से छात्र की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे जीशान की मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत का समाचार सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक पंकज राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच परिजन मौके पर आ गए। उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया और शव को घर ले गए। युवक की मौत से पिता, माता शबनम, भाई अमन, ओवैस व अरसान तथा बहन साजिया का रो-रोकर बुराहाल था।