बिलारी। थाना क्षेत्र में आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार थाना कुंदरकी के अब्दुल्लापुर गांव निवासी नासिर हुसैन के बेटे अरमान (18) की मौत हो गई।
अरमान अपने गांव के निकट नवभारत स्कूल मिलक बांहपुर में कक्षा 11 का छात्र था। अरमान के पिता नासिर हुसैन बिलारी के निकट टांडा अमरपुर गांव की मस्जिद के इमामत करते हैं। अरमान बृहस्पतिवार शाम बिलारी नगर के मोबाइल बाजार में अपना मोबाइल ठीक कराने आया था। मोबाइल ठीक कराकर शाम लगभग सात बजे वह बाइक से वापस कुंदरकी होते हुए अपने गांव जा रहा था। अरमान की बाइक जैसे ही मुरादाबाद आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिलारी कुंदरकी के बीच सम्राट बैंक्वेट हॉल के सामने पहुंची तभी मुरादाबाद से बिलारी की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अरमान की बाइक को रौंद दिया।
ट्रक की टक्कर से अरमान की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अरमान सिर पर हेलमेट लगाए हुए नहीं था। मौके पर सिर के बल सड़क पर गिरने से काफी खून निकल जाने पर वह बेहोश हो गया। अरमान को 108 एम्बुलेंस से सीएचसी बिलारी लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांच के बाद अरमान को मृत घोषित कर दिया। बाइकसवार अरमान की सड़क हादसे में मौत हो जाने की खबर जब उसके गांव अब्दुल्लापुर पहुंची तब अरमान की मां परवीन, दोनों बहनें शबनूर और फरहीन तथा छोटा भाई अरबाज रो-रोकर बेहाल हो गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही थाना बिलारी पुलिस सीएचसी पहुंची और बाइकसवार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक बाइक सवार के परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।