पाकबड़ा क्षेत्र में रहने वाले 11वीं कक्षा के छात्र के छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सुपुर्द किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मौत की वजह फंदे पर लटकना बताया गया है। देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर राजपूत निवासी मोती सिंह और उनकी पत्नी चंद्रवती चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं। भूप सिंह 11वीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार की शाम को उसका शव पड़ोसियों ने घर में ही फंदे पर लटका देखा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उसके परिवार वालों और पुलिस को दी। गांव में रहने वाले रिश्तेदाराें ने उसके शव को फंदे से उतारकर सुरक्षित रखवा दिया।
भूप सिंह की मौत की खबर सुन माता, पिता चंडीगढ़ से शनिवार को मुरादाबाद पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। एसओ नीरज शर्मा ने बताया कि भूप सिंह की आत्महत्या की वजह का पता किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है, पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।