बिलारी। थाना क्षेत्र में जरगांव रोड पर खंडुआ रेलवे क्रॉसिंग के निकट शनिवार दोपहर बाद रेलवे फाटक पार करते समय बाइक असंतुलित होकर फाटक किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई।
बाइक चला रहे एक छात्र की मौके पर मौत हो गई और उसके दो साथियों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं घायलों को देखने के लिए सीएचसी में उनके परिवार के लोगों की भीड़ लग गई। थाना क्षेत्र के बहादरपुर गांव के मूल निवासी प्रवीण सिंह की ससुराल बिलारी नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला में है। प्रवीण सिंह और उनकी पत्नी प्रीति बच्चों के साथ कुछ समय से बिलारी नगर में दूसरे मकान में रह रहे हैं।
शनिवार दोपहर प्रवीण सिंह का बेटा खुशहाल उर्फ ईशांत (17) बिलारी के मोहल्ला अब्दुल्ला निवासी विशन सिंह यादव के बेटे निखिल यादव और इसी मोहल्ले के ओमकार सिंह के बेटे ध्रुव सिंह के साथ बाइक से किसी काम से बहादरपुर गांव गए थे। दोपहर बाद तीनों बाइक से बहादरपुर गांव से वापस बिलारी को लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही बाइक सवार तीनों जरगांव रोड पर खंडुआ रेलवे फाटक की रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे तभी अचानक उनकी बाइक असंतुलित होकर रेलवे फाटक के किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। बाइक को खुशहाल उर्फ ईशांत चला रहा था जबकि निखिल यादव और ध्रुव कुमार पीछे बैठे थे। तीनों बाइक सहित रेलिंग के पास गिरने से चोटिल हो गए। ईशांत उर्फ खुशहाल के सिर में गंभीर चोट आई, सिर से काफी खून निकल जाने की वजह से वह वहीं पर बेहोश हो गया।
राहगीरों की सूचना पर तीनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी बिलारी लाया गया। यहां चिकित्सक ने खुशहाल उर्फ ईशांत को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल निखिल यादव और ध्रुव कुमार को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खुशहाल उर्फ ईशांत ने इसी वर्ष एचएसए इंटर कॉलेज सहसपुर के छात्र के रूप में हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा दी थी, जबकि दोनों घायल उसके मित्र बताए जा रहे हैं।
छात्र खुशहाल की सड़क हादसे में मौत हो जाने की खबर पर भाजपा के प्रांतीय कार्य परिषद सदस्य सुरेश सैनी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विश्वास यादव, बिलारी मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता समेत कई अन्य पदाधिकारी भी पहुंच गए। सड़क हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बाद में पुलिस ने छात्र खुशहाल उर्फ ईशांत का शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार खुशहाल के परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्र खुशहाल के परिवार में माता पिता के अलावा छह वर्ष का छोटा भाई अप्पू है।