मोबाइल से नकल करती छात्रा पकड़ी।
- फोटो : net image
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा पहली बार सीसीटीवी की निगरानी में सोमवार से शुरू हो गईं। हालांकि विवि की नकल विहीन परीक्षा की मंशा पर पहले ही दिन पानी फिर गया। हिंदू कालेज में एक छात्रा मोबाइल से नकल करते पकड़ी गई तो केजीके कालेज में दूसरी पाली में एक नकलची दबोचा गया। इसके अलावा अव्यवस्थाओं का भी बोलबाला रहा। छात्र प्रवेश पत्र के लिए भटके तो विवि ने एक ही अनुक्रमांक तीन विद्यार्थियों को आवंटित कर दिया।
सुबह की पाली सुबह सात बजे शुरू हुई। विवि की सख्ती के बाद कालेजों के मुख्य द्वार पर छात्र-छात्राओं की तलाशी ली गई। इसके बावजूद हिंदू कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की एक छात्रा शिक्षकों की तलाशी के बावजूद परीक्षा कक्ष संख्या नौ तक मोबाइल ले जाने में सफल रही। परीक्षा शुरू होते ही वह मोबाइल में मौजूद गेस पेपर के फोटो को जूम करके संबंधित प्रश्नों के उत्तर तलाशने में लग गई। निरीक्षण कर रहे सचल दल के सदस्यों को छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब प्राचार्य की मौजूदगी में छात्रा की तलाशी ली तो मोबाइल मिल गया।
महंगा मोबाइल होने की वजह से छात्रा उसे सचल दल के सदस्यों को सौंप नहीं रही थी। उसका कहना था कि घर पर किसी को जानकारी नहीं है कि वह मोबाइल में नकल लेकर आई है। इसलिए उसे छोड़ दिया जाए, लेकिन फोन में नकल होने की वजह से उसकी फोटो कापी नत्थी कर उत्तरपुस्तिका को यूएफएम कर विश्वविद्यालय भेज दिया गया, जबकि फोन सील कर दिया है।