जसपुर। कक्षा नौ के दो छात्रों के बीच विवाद के दौरान एक छात्र ने सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल छात्र किसी तरह कोतवाली पहुंचा जहां से पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। क्षेत्र में पिछले 14 दिनों में चाकूबाजी की यह तीसरी घटना है। तीनों ही घटनाएं नाबालिगों के बीच हुई हैं।
सीमा क्षेत्र के ग्राम भायपुर, थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद (यूपी) निवासी छात्र जसपुर में रहकर पढ़ाई करता है। वह भूतपुरी मार्ग स्थित ओपी सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। आरोप है कि इसी कक्षा के 16 वर्षीय सहपाठी के साथ किताब और कक्षा में बैठने को लेकर उसका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने छुट्टी के बाद एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी।
छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान सहपाठी ने प्रशांत पर चाकू से वार कर दिया। चाकू छात्र की बांह पर लगा जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद वह किसी तरह कोतवाली पहुंचा और पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सीएमएस डॉ. धीरेंद्र मोहन गहलोत ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को घर भेज दिया गया है।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि सहपाठी छात्र अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाया था। इसी से उसने छात्र पर हमला किया। आरोपी छात्र से पूछताछ की जा रही है। सूत मिल चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र प्रसाद मामले की जांच की जा रही है।