मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में ट्यूशन से लौट रही छात्रा के अगवा करने की कोशिश की कहानी पुलिस जांच में झूठी पाई गई है। पुलिस का दावा है कि घड़ी खोने के बाद छात्रा रेलवे लाइन के पास खड़ी रो रही थी। दोनों युवकों ने घड़ी ढूंढकर छात्रा को दी और उससे बाइक पर बैठाकर घर के पास तक छोड़कर आए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। यहां बातचीत के बाद गलतफहमी दूर हो गई है।
कटघर थानाक्षेत्र के गोविंदनगर में शनिवार को शोर मचा गया था कि सात वर्षीय बच्ची को अगवा करने की कोशिश की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की। जिसमें दो युवक बच्ची को बाइक पर बैठाकर ले जाते दिख रहे थे। थाना प्रभारी गजेेंद्र सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि बाइक सवार दोनों युवक गोविंदनगर निवासी हैं। उन्होंने बताया कि लाइन के पास खड़ी एक बच्ची रो रही थी। पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि उसकी घड़ी कहीं खो गई है। युवकों ने उसकी घड़ी ढूंढकर दी। इसके बाद अपनी बाइक पर बैठाकर उसे टंकी के पास तक छोड़कर आए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। बच्ची के परिजन और बाइक सवार युवक एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। बच्ची के अपहरण की कोशिश की कहानी झूठी है।