मुरादाबाद। इंडियन बैंक की शाखा के बॉक्स में डाला गया तीन लाख का चेक एसबीआई की पाकबड़ा शाखा से कैश हो गया। इस मामले में पीड़ित ने मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
अमरोहा जपनद के डिडौली थाना क्षेत्र के पायती कलां निवासी मोहम्मद असलम की मझोला में हार्डवेयर दुकान है। मोहम्मद असलम ने बताया कि इंडियन बैंक की दिल्ली रोड बुद्धि विहार शाखा में उनका है। उन्होंने 6 अक्तूबर को अपने भाई रिजवान अहमद से इंडियन बैंक की सिविल लाइंस मुख्य शाखा में तीन लाख रुपये का चेक ड्रॉप बॉक्स में डलवाया था लेकिन तीन दिन भी उनके खाते में धनराशि नहीं पहुंची। उन्होंने बैंक में पहुंच कर जानकारी की तो पता चला कि जो चेक उन्होंने इंडिया बैंक में लगाया गया था वह एसबीआई की पाकबड़ा शाखा से कैश हुआ है। मोहम्मद असलम का आरोप है कि उन्होंने मैनेजर से शिकायत की तो वह भड़क गए और गाली गलौज करते हुए बैंक से भगा दिया। बैंक के सीसीटीवी की फुटेज भी नहीं दिखाई। इसके बाद पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने पर पहुंच कर पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने फुटेज चेक की तो उसमें तीन-चार युवक चेक ड्राप बॉक्स से चेक निकालते नजर आए हैं। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर बैंक मैनेजर और अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।