राज्य कर विभाग ने जिले की तीन फर्मों पर सोमवार को छापा मारकर दो करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी। व्यापारियों ने माैके पर 34 लाख रुपये तत्काल जमा करा दिए। तीनों फर्मों की जांच अभी जारी है। अपर आयुक्त ग्रेड-1 ने अपर आयुक्त ग्रेड -2 आरए सेठ को पीपलसाना स्थित बर्तन एवं गिफ्ट आइटम की दो फर्मों और रामगंगा विहार स्थित एक फर्म पर छापा मारने के निर्देश दिए।
राज्य कर के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच में पाया कि शहर के अधिकतर दुकानदार ग्राहकों को सामान खरीदने के बाद बिल नहीं दे रहे हैं। इस दौरान अधिकारियों ने ग्राहकों से बातचीत कर बिल लेने के लिए प्रोत्साहित किया। बताया कि ग्राहकों द्वारा बिल राज्य कर विभाग को देने पर लाॅटरी निकाली जाएगी और इनाम भी मिलेगा।
राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1 आर एस द्विवेदी और ग्रेड-2 सोमवार की शाम शहर में ग्राहकों से बातचीत करने और दुकानों की जांच करने के लिए निकले थे। पूछताछ से पता चला कि दस ग्राहकों में दो लोगों को ही दुकानदार सामान खरीदने पर बिल रहे हैं। दुकानदार बिल देने में कोताही बरत रहे हैं।
इस मामले में दोनों अधिकारियों ने ज्वेलर्स और मिठाई के दुकानदारों को बिल देने के लिए प्रोत्साहित किया। चेताया कि शिकायत मिलने पर अब तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों ने बिल देने के लिए सहमति जताई।