अखिलेश यादव के कार्यक्रम में मची भगदड़
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को पीलीभीत पहुंचे। इस दौरान उनके कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। दरअसल अखिलेश यादव के पहुंचने के बाद गेस्ट हाउस में इंतजार कर रही भीड़ भी उनके साथ ही भीतर जाने को दौड़ गई।
इस बीच धक्का मुक्की में मेन गेट का शीशा टूट गया। जिसमें सपा के दो कार्यकर्ता घायल हो गए। बाद में सुरक्षाबलों ने लोगों को बाहर किया। हालांकि अंत में अखिलेश यादव ने सभी से बारी-बारी से मुलाकात की।
इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उ्होंने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है।
रामपुर में द्वेष भावना के साथ आजम खान पर एक के बाद एक 80 से ज्यादा मुकदमें दर्ज कर दिए गए। उनका गुनाह सिर्फ इतना था कि युवाओ के भविष्य को देख एक यूनिवर्सिटी खोल दी। उन्होंने चिन्मयानंद मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि उधर शाहजहांपुर में पूरी सरकार बचाने में लगी है।