पाकबड़ा। होम क्वारंटीन होने के बावजूद पाकबड़ा थाने के एसएसआई सोमवार को थाने पहुंच गए तो हंगामा खड़ा हो गया। एक माह पूर्व हुई शिक्षक अशोक चौधरी की हत्या के मामले में परिजन बार बार इंसाफ की गुहार लगा ही रहे हैं कि उन्होंने यह आरोप जड़ दिए कि एसएसआई इस मामले की जांच प्रभावित करने थाने पहुंचे हैं। मृतक के भाई ने चेतावनी दे डाली कि वह यदि जल्द उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह थाने में ही आत्मदाह कर लेेेंगे।
थाना क्षेत्र के गुरैठा गांव निवासी शिक्षक अशोक चौधरी की हत्या को करीब एक माह से ज्यादा का समय बीत चुका हैैै। पुलिस मामले की जांच कर रही है पर अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। अशोक चौधरी के परिजनों ने थाने में तैनात एसएसआई पर मामले दखल देने की शिकायत एसएसपी से भी की थी। चार दिन पहले थाने से उनका तबादला भी कर दिया गया था लेकिन उनके परिवार का एक सदस्य कोरोना पॉजिटिव आने के कारण उनकी रवानगी रोक दी गई। साथ ही उनका पूरा परिवार होम क्वारंटीन हो गया था। सोमवार को पुलिस ने कुछ लोगों को शिक्षक हत्याकांड में मामले की जांच के लिए थाने बुुलाया था। इस दौरान एसएसआई भी यहां पहुंच गए। इस पर अशोक चौधरी के भाई हरिओम सिंह ने आरोप लगाए कि इसकी भनक एसएसआई को लग गई और वह अपना क्वारंटीन तोड़ कर घर से सीधे थाने आ गये ताकि जांच को प्रभावित कर सकें। इतना ही नहीं, इससे मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया और इसके बाद दर्जनों लोग थाने पर आ गये। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने एसएसआई से थाने आने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा वह अपनी रवागनी करने के लिए थाने पर आए हैं। इतना कहकर वह थाने से चले गए।
शिक्षक के भाई ने आरोप लगाया की एसएसआई हत्याकांड की विवेचना में सीधे दखल देकर प्रभावित कर रहे हैं। अब नहीं लगता है उनको न्याय मिल पायेगा। इसलिए अब थाने में आत्मदाह करके पुलिस की आंखें खोलने के प्रयास करेगें। उन्होंने फोन पर भी थाना प्रभारी को यही चेतावनी दे डाली जिसका ऑडियो भी वायरल हो गया है। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया की उन्होंने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी हैं। मामले की जांच जारी है। सही खुलासा करके आरोपियों को पकड़ा जाएगा। सीओ रामसागर ने बताया की एसएसआई को तुरंत थाने से जाने के आदेश दे दिया गया है। क्वारंटीन होने के बावजूद आना खतरनाक है। यदि वह संक्रमण फैलाने और जांच प्रभावित करने के लिए आए थे तो जांच का कार्रवाई कराई जाएगी।
आत्महत्या करने वाले हैड कांस्टेबल ने भी आपको फोन किया था मैडम
जो ऑडियो वायरल हुआ है उसमें मृतक अशोक शर्मा के भाई हरिओम थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी से बात कर रहे हैं। एलआईयू कर्मी से भी बात का ऑडियो वायरल है। इनमें हरिओम कह रहे हैं कि कोविड सेंटर की छत से कूदकर जान देने वाले हैड कांस्टेबल दिवाकर शर्मा ने भी कूदने से कुछ देर पहले थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी को फोन किया था। कहा था कि उसे बदमाश घेर रहे हैं। दरअसल वह डिप्रेशन में आ गए थे मैडम और मैं भी डिप्रेशन में आ गया हूं क्योंकि मेरे भाई की जान चली गई और मुझे इंसाफ नहीं मिल रहा है। मुझे इंसाफ नहीं मिला तो इसी थाने में आत्मदाह कर लूंगा।
अंडा करी से जुड़े हैं हत्याकांड के राज
इस मामले की तफ्तीश में अंडा करी का जिक्र बार बार आ रहा है। हरिओम एक व्यक्ति का जिक्र कर रहे हैं जो इसी प्रकरण से जुड़ा है। यह व्यक्ति बता रहा है कि वह दो अगस्त को एक होटल से अंडा करी लेकर आया था जबकि अशोक शर्मा के परिवार ने जानकारी की तो पता चला कि अंडा करी व तीन अगस्त को लाया था। होटल मालिक को इसलिए सही तारीख याद है कि तीन अगस्त की रक्षाबंधन थी। हैरत की बात यह है कि पुलिस ने भी ठीक से जांच नहीं की बताया जाने लगा कि दो अगस्त को ही वह होटल से अंडा करी लाया था। इस प्रकरण से जुड़ा यह व्यक्ति क्यों झूठ बोल रहा है इसकी तहकीकात जरूरी है।