मुरादाबाद। पीएम-श्री परिषदीय कंपोजिट विद्यालयों के विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा निखारी जाएंगी। इन स्कूलों में सरकार की ओर से खेल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होने जा रही हैं। इसके लिए जिले के 15 पीएम श्री विद्यालयों का चयन किया गया है। बीएसए के अनुसार खेल मैदान विद्यालय परिसर के अंदर ही विकसित होगा।समग्र शिक्षा की राज्य परियोजना निदेशक की ओर से मिले निर्देश के अनुसार पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब खेलकूद और व्यायाम की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में शामिल मुरादाबाद के 15 विद्यालयों में करीब 55.5 लाख से खेल मैदान और ओपन जिम बनाए जाएंगे। यह कार्य 15 मार्च तक पूरा होना है। इसके तहत भगतपुर टांडा के जूनियर हाईस्कूल बहोरनपुर कलां कंपोजिट, मुरादाबाद का जूनियर हाईस्कूल गुरैठा कंपोजिट, कुंदरकी का जूनियर हाईस्कूल जिंगला कंपोजिट, जूनियर हाईस्कूल कुंदरकी कंपोजिट, छजलैट का जूयिन हाईस्कूल मथाना कंपोजिट, डिलारी का चंगेरी, ठाकुरद्वारा का वोदवाला, बिलारी का प्राथमिक स्कूल मलहायपुर जन्नू, ठाकुरद्वारा का प्राथमिक स्कूल लालपुर पीपलसाना, छजलैट का जूनियर हाईस्कूल फोंडा पट्टी कंपोजिट, मुरादाबाद का कन्या जूनियर हाईस्कूल तहसीली कंपोजिट, कांठ का जूनियर हाईस्कूल कांठ कंपोजिट, कुंदरकी का जूनियर हाईस्कूल मलीपुर कंपोजिट, बिलारी का जूनियर हाईस्कूल कंपोजिट बिलारी, मूंढापांडे का जूनियर हाईस्कूल दौलारी कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं।
वर्जन...
जिले के 15 पीएमश्री विद्यालयों का चयन हुआ है। खेल के साथ पूरे व्यक्तित्व विकास के लिए यह कवायद की जा रही है। इसी क्रम में अब इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विमलेश कुमार, बीएसए