मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में 93 हजार विद्यार्थी स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देंगे। विवि के अधिकारियों के अनुसार 12 जनवरी से परीक्षा शुरू होने की संभावित है। केंद्र आवंटन के बाद सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से पहले दो जनवरी से एडमिट कार्ड जारी करने और पांच जनवरी से परीक्षा शुरू करने की योजना थी। लेकिन विश्वविद्यालय को शिकायत मिली कि कुछ कॉलेजों ने विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म सत्यापित नहीं किए हैं। छात्रहित में विवि ने परीक्षा की तिथि बढ़ाते हुए कॉलेजों को फॉर्म सत्यापित करने के लिए दो दिन का समय दिया था। अब दो जनवरी तक छूटे विद्यार्थियों के फॉर्म को कॉलेजों ने सत्यापित कर लिया है। चेयरपर्सन समर्थ टीम प्रो. सुनील जोशी ने बताया कि समर्थ टीम दिल्ली से मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप पोर्टल पर केंद्रों की सूची और परीक्षा का शिड्यूल अपलोड करना शुरू कर दिया है, ताकि विद्यार्थियों के अनुक्रमांक जनरेट हो सकें। इसके बाद डमी कैंडिडेट से परीक्षा फार्म भरवाकर केंद्र आवंटन का परीक्षण होगा। इसके बाद ही अंतिम रूप से एडमिट कार्ड जारी होंगे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र बनाने के लिए राजकीय महाविद्यालयों और अशासकीय कॉलेजों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके बाद जो स्ववित्तपोषित कॉलेज केंद्र बनेंगे, उनको चिह्नित किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि छात्राओं के लिए स्वकेंद्र की व्यवस्था हो। अगर, कहीं पर इन्फ्रास्ट्रक्चर, सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकॉर्डर आदि से संबंधित परेशानी आती है तो अन्य केंद्रों के आवंटन पर विचार होगा।
प्रो. सुनील जोशी ने कहा कि अभी समर्थ टीम के साथ एक बार और बैठक की जानी है, ताकि परीक्षा केंद्र निर्धारण से लेकर परीक्षाओं के आयोजन तक की रूपरेखा को फाइनल किया जा सके।