मुरादाबाद। फर्म का रजिस्ट्रेशन रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करने के लिए कराया लेकिन जीएसटी नंबर हासिल कर मसाले, स्पेयर पार्ट्स और अदरक की खरीद फरोख्त दिखाकर फर्जी बिल तैयार कर लिए गए। इन बिलों के जरिये 17. 3 करोड़ का आईटीसी क्लेम लेकर सरकार को चूना लगा दिया।
एसआईटी ने मुगलपुरा क्षेत्र निवासी आरोपी अमजत को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपने साथी जावेद के साथ मिलकर इस फर्जीवाड़ा को अंजाम दिया था। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि 27 सितंबर 2025 को राज्य कर अधिकारी खंड-2 राजुल कुमार ने मुगलपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया था अमजत ने एके इंटरनेशनल नाम से रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करने के लिए फर्म का पंजीकरण कराया था। जांच में सामने आया है कि अमजत ने इस फर्म से मसाले, स्पेयर पार्ट्स और अदरक की खरीद फरोख्त दिखाई है।
एसआईटी के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ मुगलपुरा के मोहल्ला कानून गोयान निवासी अमजत को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि उसने अपने नाम से एके इंटरनेशनल फर्म बनाई थी।
इसके लिए फर्जी किरायानामा तैयार किया गया था। उसी दौरान जावेद नाम का व्यक्ति उसके संपर्क में आया और कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का लालच दिया था। इसके बाद उन्होंने 2018-19 में अपनी फर्म से करोड़ों रुपये की खरीद फरोख्त दिखाई। इसके बाद दोनों ने बिना कारोबार किए मसाले, स्पेयर पार्ट्स, अदरक खरीदने और बेचने के बिल तैयार किए थे।
इसके बाद उन्होंने जीएसटी विभाग से 17.3 करोड़ रुपये का आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) ले लिया। शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।