देर शाम करीब साढ़े सात बजे बनियाठेर क्षेत्र के नए बाईपास पर शिवा ढाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक को 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और रेलिंग तोड़ कर खाई में जाकर पेड़ों में फंस गई।
हादसे में बाइक सवार तीनों लोग हवा में उछल कर इधर-उधर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। बनियाठेर पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई। सीएचसी में चिकित्सक ने धर्मेंद्र और सुमित को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सोनू को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
एक घंटे बाद खाई में पड़ा मिला सुमित का शव
हादसे के बाद सुमित का एक घंटे तक पता ही नहीं चला। जब पुलिस को परिजनों के द्वारा सुमित के साथ होने की जानकारी हुई तो पुलिस ने तलाश शुरू की। एक घंटे की तलाश के बाद सड़क के दूसरी साइड की खंदी में सुमित मिला। पुलिस तत्काल उसे सीएचसी चंदौसी ले गई जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव देख बिलख पड़े परिजन
हादसे की सूचना पाकर धर्मेंद्र के परिजन सीएचसी चंदौसी पहुंचे जहां परिजन धर्मेंद्र का शव देख कर बिलख पड़े। पत्नी प्रीति रो-रोकर बदहवास हो गई। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र के चार छोटे बच्चे हैं जबकि धर्मेंद्र का साला सुमित अविवाहित था।
हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। कार चालक भी घायल हुआ है और खुद ही उपचार के लिए किसी अस्पताल में भर्ती हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। - विवेक जावला, सीओ चंदौसी।